Jun 8, 2016

चीन के अलीबाबा समूह के न्यूज एप के साथ जुड़ा प्रभासाक्षी


अलीबाबा समूह की अग्रणी मोबाइल इंटरनेट कंपनी UCWeb ने एक समारोह में भारत में UC न्यूज एप और UC ब्राउजर का अपडेटेड वर्ज़न जारी किया। न्यूज एप पर प्रभासाक्षी की खबरें भी रहेंगी। भारत का प्रमुख हिंदी समाचार पोर्टल प्रभासाक्षी.कॉम चीन के अलीबाबा समूह के आज जारी किये गये UC न्यूज एप पर भी उपलब्ध है। अलीबाबा समूह की अग्रणी मोबाइल इंटरनेट कंपनी UCWeb ने एक समारोह में भारत में UC न्यूज एप और UC ब्राउजर का अपडेटेड वर्ज़न जारी किया। न्यूज एप मुख्यतः भारतीयों की जरूरतों के मुताबिक बनाया गया है ताकि उपयोक्ताओं को उनकी मनचाही जानकारी तत्काल मिल सके। एप की खासियत यह है कि हर क्षेत्र की ट्रेंडिंग न्यूज यहाँ एक ही जगह पढ़ी जा सकेंगी और एक दूसरे को भेजी जा सकेंगी। एप को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह यूजर का कम से कम इंटरनेट डाटा यूज करता है।


नई दिल्ली के ललित होटल में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में UCWeb के जनरल मैनेजर कैनी ये ने वेब ब्राउजर और मोबाइल एप जारी किया। मोबाइल एप के लिए कंपनी ने देश के प्रमुख मीडिया समूहों से करार किया है। यह एप एक एग्रीगेटर की भूमिका निभाएगा और एक ही प्लेटफॉर्म पर विभिन्न समाचार पोर्टलों से न्यूज लेकर उपयोक्ताओं के समक्ष प्रस्तुत करेगा। जो प्रमुख मीडिया संस्थान UCWeb के साथ जुड़े हैं उनमें बीबीसी, हिंदुस्तान टाइम्स, प्रभासाक्षी, जागरण, आईबीएन जैसे अग्रणी संस्थान शामिल हैं।

एप और ब्राउजर की लाँचिंग के समय उपस्थित प्रभासाक्षी के सहयोगी संपादक नीरज कुमार दुबे ने कहा कि हमारे संस्थान के लिए भी यह गौरवपूर्ण क्षण है कि हमें अग्रणी मीडिया संस्थानों के साथ एक मंच पर आने का मौका मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निश्चित ही इस करार से उपयोक्ताओं तक वांछित जानकारियाँ उनकी अपनी मातृभाषा में पहुँचाने का हमारा लक्ष्य पूरा होगा। प्रभासाक्षी के साथ करार में प्रमुख भूमिका निभाने वाले टायलेन ने प्रभासाक्षी के विभिन्न चैनलों पर मौजूद विविधतापूर्ण लेखों की तारीफ की। गौरतलब है कि न्यूज एप की खासियत भी है कि यह विभिन्न भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है। पाठक अपनी पसंद की भाषा सेट करके सूचनाएँ हासिल कर सकते हैं। एप के साथ हंगामा.कॉम का भी करार हुआ है और यहाँ से कुछ समय तक उपयोक्ता मुफ्त में गाने डाउनलोड कर सकते हैं।

No comments:

Post a Comment