Dec 8, 2015

सहारा इण्डिया कामगार संगठन लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत कर्मचारियों के हित की लड़ाई लड़ते रहेंगे

प्रिय सहयोगियों,

हम सभी कई वर्षों से सहारा इण्डिया के साथ जुड़े हुए हैं। हममें से कई सहयोगी पच्चीस वर्ष से सँस्थान में हैं। सहारा इण्डिया हमारे लिये कर्म मंदिर है। यही कारण है कि संस्थान पर जब भी विपरीत परिस्थितियां आई हम डरे नहीं, भागे नहीं बल्कि अपने संस्थान के मुखिया के साथ डट कर संघर्ष किया। पिछले करीब दो वर्षों से ऐसा ही संघर्ष हम कर रहे हैं। इस संघर्ष के दौरान हमें तनख्वाह नहीं मिली उसके बावजूद हम संस्थान के साथ रहे। हमारे वरिष्ठों ने जब प्रति सहयोगी से दस हजार रुपये जमा कराने का सहयोग मांगा हमने अपनी आर्थिक परेशानियों को भूलकर रूपये संस्थान में जमा करवाए। हमारे मुखिया ने संघर्ष की इस घड़ी में शांतिपूर्ण और निष्ठा बनाए रखने का आह्वान किया तो उस पर हम चलने लगे। लेकिन मित्रों हम तो नहीं बदले लेकिन संस्थान के नियम,कानून बदल गये। यहां जैसा कि आप सभी को पता है कनिष्ठ और मध्यम स्तर पर कर्मियों के तबादले  और टर्मीनेशन शुरू कर दिया गया है। यह सब उस दौर में किया जा रहा है जब हमारे करीब आठ महीने की तनख्वाह बकाया है। हमारे भविष्य निर्वाह निधि की राशी तनख्वाह से काटी तो गई पर हमारे बगैर जानकारी के यह सरकार के पास जमा नहीं किया गया।


इस में सबसे दु:ख की बात यह है कि एक तरफ हमारे मुखिया कहते हैं कि धैर्य रखें स्थितियां जल्द ही सुधरेंगी तो दूसरी ओर संस्थान में उच्च पदों पर आसीन और कई तो वह जिन्हें कई बार निकाला भी जा चुका है ऐसे लोगों की संस्थान में वापसी करा के संस्थान में वर्षों से सेवा दे रहे लोगों को निकाला और स्थानांतरित किया जा रहा है। इसका मतलब यह है गंभीर आरोपों को झेल चुके, संस्थान को छोड़कर जाने वाले अब निष्ठावान कर्तव्य परायण लोगों की निष्ठा को आंकने बैठे हैं।

सहारा इण्डिया कामगार संगठन निष्ठावान कर्मचारियों का संगठन है। संगठन संस्थान में हो रहे तबादलों और अकारण टर्मिनेशन को कर्मचारियों के साथ प्रबंधन का अन्याय और अत्याचार मानता है। हम इसका विरोध करते हैं। आप सभी सहयोगियों से हमारा अनुरोध है कि आप सभी आगे आएं और इस अन्याय का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करें। सहारा इण्डिया कामगार संगठन कर्मियों के साथ है, हम उनके हितों के लिये खड़े हुए हैं और लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत कर्मचारियों के हित की लड़ाई लड़ते रहेंगे।

सहारा इण्डिया कामगार संगठन  

विशाल मोरे
अध्यक्ष                  
7045575444              
वेद प्रकाश मिस्रा    
महासचिव
9987555131

No comments:

Post a Comment